कुचामन सिटी. शहर की मुख्य सड़क स्टेशन रोड के निर्माण के कुछ ही महीनों बाद सड़क धंसने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण आए दिन दुपहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों की ओर से लोक निर्माण विभाग और एलएंडटी कंपनी को कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर मामला अब लोक अदालत तक पहुंच गया है।


अधिवक्ता ओमप्रकाश पारीक ने नगर परिषद आयुक्त, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर को आवश्यक पक्षकार बनाते हुए ताल्लुका विधिक सेवा समिति के समक्ष प्री-लिटिगेशन आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि स्टेशन रोड शहर का प्रमुख मार्ग है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका आवागमन के लिए उपयोग करते हैं।

आवेदन के अनुसार – एलएंडटी कंपनी द्वारा कुछ वर्ष पूर्व सड़क का निर्माण किया गया था। सड़क के नीचे बिछाई गई पेयजल लाइन में लीकेज होने से मिट्टी बह गई, जिसके कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इससे सड़क पर गड्ढे और असमान सतह बन गई है, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
न्यायालय जाने वाले मार्ग की हालत भी खराब
अधिवक्ता कोमल पारीक ने बताया कि स्टेशन रोड से कुचामन न्यायालय तक जाने वाला मार्ग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। यह मार्ग नगर परिषद, न्यायालय और राजकीय खेल स्टेडियम सहित कई प्रमुख स्थानों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है। इस मार्ग का उपयोग आम नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी करते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन में परेशानी के साथ वाहनों को भी नुकसान हो रहा है।
महिला भी हुई हादसे का शिकार
स्थानीय लोगों के अनुसार – सड़क धंसने वाले स्थान के पास रहने वाली एक महिला भी हादसे का शिकार हो चुकी है। बताया गया कि सड़क से गुजर रहा एक दुपहिया वाहन अनियंत्रित होकर महिला से टकरा गया, जिससे वह चोटिल हो गई। स्थानीय लोगों ने ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क की तत्काल मरम्मत की आवश्यकता जताई है।
6 अक्टूबर को होगी सुनवाई
मामले की सुनवाई करते हुए अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने नगर परिषद आयुक्त, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता तथा एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर को नोटिस जारी किए हैं। सभी को 6 अक्टूबर को न्यायालय में उपस्थित होकर मामले की सुनवाई में शामिल होने के लिए तलब किया गया है।
कुचामन सिटी: निःशुल्क हड्डी रोग जांच शिविर में 66 मरीज लाभान्वित







