डीडवाना-कुचामन जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी होने लगी है। इस बीच मौसम विभाग ने जिले में फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया है।
डीडवाना-कुचामन में 12 से 16 सितंबर तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जिले में कहीं-कहीं मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार – दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश से लगे बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके आगामी दिनों में धीरे-धीरे मध्य भारत से होते हुए पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, जबलपुर और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है।
12 से 16 सितंबर तक बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ और भागों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 13 और 14 सितंबर को कोटा, उदयपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में 13 से 16 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
विशेष कृषि मौसम सलाह
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों के लिए विशेष कृषि मौसम सलाह जारी की है।
– कृषि उपज मंडियों में खुले आसमान में रखे अनाज और जिंसों को सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें, ताकि बारिश से उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
– खुले आसमान में पककर तैयार फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और उन्हें बारिश से बचाने के लिए आवश्यक उपाय करें।
– फसलों में कीटनाशक और अन्य रसायनों का छिड़काव मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही करें। बारिश की संभावना होने पर छिड़काव करने से बचें, ताकि दवा का प्रभाव कम न हो और अनावश्यक नुकसान से बचा जा सके।
नावां में मतदान के बीच EVM खराब, करीब एक घंटे तक बंद रहा मतदान







