कुचामन सिटी. अग्रवाल समाज समिति की साधारण सभा की बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया गुरुवार रात अग्रवाल भवन में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

बैठक में मुरली मनोहर स्नेही को अग्रवाल समाज समिति का अध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। वहीं मुरली गोयल (बांसावाला) को सचिव तथा रामेश्वर मोर को कोषाध्यक्ष चुना गया।

चुनाव अधिकारी डॉ. वीके गुप्ता एवं कुचामन विकास समिति के सचिव बनवारी मोर ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का समाजबंधुओं ने माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद मुरली मनोहर स्नेही ने समाज के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि समाज में एकता, बंधुत्व और आपसी सहयोग को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाराज के सिद्धांतों को आधार बनाकर सामाजिक जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग, युवाओं का मार्गदर्शन, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा।

स्नेही ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। समाज के सभी वर्गों से सुझाव लेकर जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने तथा संगठन की गतिविधियों का विस्तार करने के प्रयास किए जाएंगे।
तीन बार सचिव रह चुके हैं स्नेही
समाज प्रतिनिधि संजू सांभरवाला, पवन सांभरवाला, महेश रामचंद्रका एवं मनोज शेखराजका ने मुरली स्नेही के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि स्नेही अनुभवी एवं संगठनात्मक कार्यों की अच्छी समझ रखने वाले व्यक्ति हैं और पूर्व में तीन बार सचिव पद का दायित्व निभा चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ समाज को मिलेगा।
जल्द गठित होगी शेष कार्यकारिणी
नवनिर्वाचित सचिव मुरली गोयल ने कहा कि संस्था की शेष कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा। इसके बाद बैठक आयोजित कर आगामी कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक समाजबंधुओं को संगठन से जोड़ते हुए सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति दी जाएगी।
कोषाध्यक्ष रामेश्वर मोर ने भी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए वित्तीय व्यवस्थाओं में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित संचालन को प्राथमिकता देने की बात कही।
निवर्तमान अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
निवर्तमान अध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुरली मनोहर स्नेही, सचिव मुरली गोयल एवं कोषाध्यक्ष रामेश्वर मोर को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई टीम समाज की एकता एवं प्रगति के लिए बेहतर कार्य करेगी। उन्होंने समाज के सदस्यों से नई कार्यकारिणी को सहयोग देने की अपील की।
इस दौरान नंद किशोर अग्रवाल, मनोज शेखराजका, नवल डालूका, पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर खोखरिया, नंदकिशोर मोर, सुरेश बंसल (विनायक), शिवकुमार भाडासर वाले, सुरेश मंडावाला, निर्मल स्नेही, पवन मोर, संजू सांभरवाला, दामोदर स्नेही सहित अग्रवाल समाज के अनेक प्रतिनिधि एवं समाजबंधु मौजूद रहे।
कुचामन सिटी: नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने गठित की कोर कमेटी






