नावां पुलिस ने नमक रिफाइनरियों के सोलर प्लांटों को निशाना बनाकर तांबे की केबल और अन्य पार्ट्स चोरी करने वाली बावरिया गैंग का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 24 अगस्त 2026 तक चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपियों से चोरी का माल बरामद करने के साथ ही अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार – 30 अप्रैल 2026 को कस्तुरी केम फूड सोलर प्लांट के निदेशक विष्णु कुमार गोयल ने नावां थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 अप्रैल की रात अज्ञात चोर सोलर प्लांट से एसी केबल, कनेक्टर, सोलर पैनल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए तथा प्लांट में तोड़फोड़ भी की। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 85/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात और क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों का खुलासा करने के लिए पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान जयपुर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में गिरफ्तार बावरिया गैंग से पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने राजेश बावरिया (19) निवासी फुलेरा और ओमप्रकाश (23) निवासी नरैना को प्रोडक्शन वारंट के जरिए जिला कारागृह जयपुर से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों से सोलर प्लांटों में हुई चोरी की वारदातों और चोरी किए गए माल के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन विमल सिंह नेहरा (आरपीएस) एवं उप अधीक्षक पुलिस कुचामन सिटी ऋतु कुमारी (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी नावां सुरेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
कुचामन सिटी: निजी बैंक की शाखा में कुर्की की कार्रवाई, कुर्सियां और फर्नीचर बाहर निकाले






