डीडवाना पुलिस ने ग्राम बालिया में महिला से मंगलसूत्र एवं कंठी लूट की वारदात का महज चार दिन में खुलासा करते हुए पांच शातिर आरोपियों को दस्तयाब किया है।


घटना के खुलासे के लिए गठित पांच विशेष पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, साइबर जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, विमल सिंह नेहरा, वृत्ताधिकारी जेठू सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थानाधिकारी ऋतु कुमारी (RPS प्रो.) एवं उपनिरीक्षक रामेश्वरलाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस अभियान में 45 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान लगातार जुटे रहे।
झाड़ू लगा रही महिला को बनाया था बदमाशों ने निशाना
19 जुलाई की सुबह करीब 5:35 बजे ग्राम बालिया में एक महिला अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की कार में आए बदमाश महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र एवं कंठी झपटकर फरार हो गए। इस संबंध में डीडवाना थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

300-400 CCTV और 1 लाख मोबाइल नंबर खंगाले
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित भागने के मार्ग, टोल प्लाजा, होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे करीब 300 से 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। साइबर सेल ने एक लाख से अधिक मोबाइल नंबरों की तकनीकी स्क्रीनिंग कर संदिग्ध नंबरों की पहचान की। आरोपियों की कॉल डिटेल, लोकेशन और सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण कर पुलिस टीमों को लगातार तकनीकी इनपुट उपलब्ध कराए गए।
पुलिस के अनुसार – आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद रखते थे, बार-बार ठिकाने बदलते थे तथा जरूरत पड़ने पर राहगीरों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे। इसके बावजूद तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और फील्ड इंटेलिजेंस के समन्वय से पुलिस उन्हें सीकर जिले के रायपुर जागीर क्षेत्र से दस्तयाब करने में सफल रही।
आरोपियों का पीछा करते समय हेड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह एवं कांस्टेबल रिछपाल ने मोटरसाइकिल से भाग रहे आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मी करीब आधा किलोमीटर तक मोटरसाइकिल के साथ घिसटते रहे लेकिन उन्होंने पीछा नहीं छोड़ा और अंततः आरोपियों को दबोच लिया।
आरोपियों की पहचान
पुलिस ने मुकेश उर्फ लक्की उर्फ रामनिवास उर्फ अर्जुन उर्फ राजू (सीकर), आदेश उर्फ रॉकी उर्फ राकेश (सीकर), राजेश उर्फ गुल्या (जयपुर ग्रामीण), रामावतार उर्फ धर्मपाल (सीकर) तथा विश्राम उर्फ पाला (जयपुर ग्रामीण) को दस्तयाब किया है।
मुख्य आरोपी मुकेश उर्फ लक्की के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पूछताछ में कई वारदातें कबूली
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने उसी रात डीडवाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी, बसों से डीजल चोरी, ट्रैक्टर की बैटरी चोरी सहित अन्य वारदातें करना स्वीकार किया है। घटना में प्रयुक्त वाहन, लूटे गए आभूषणों की बरामदगी तथा अन्य संभावित वारदातों के संबंध में अनुसंधान जारी है।
आमजन से अपील – जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112, निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9530413387 एवं 8005544110 पर दें।
कुचामन सिटी में प्रधानमंत्री का पुतला दहन, युवाओं की मांगों के समर्थन में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन






