कुचामन सिटी. भारत विकास परिषद् कुचामन शहर द्वारा शहर स्थित गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में संस्था की संस्कार गतिविधि के स्थायी प्रकल्प ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


जानकारी देते हुए परिषद् के कोषाध्यक्ष अंकुर जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत परिषद् के अध्यक्ष एडवोकेट ओमप्रकाश सेन, परिषद् संरक्षक डॉ. गोविंदराम चौधरी, विद्यालय संरक्षक दिनेश चौधरी, गुलाब चौधरी एवं परिषद् सदस्यों द्वारा मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर की गई।

इसके पश्चात परिषद् के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र वर्मा ने भारत विकास परिषद् की ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ की संकल्पना, परिषद् की कार्यपद्धति तथा सेवा एवं संस्कार से जुड़े कार्यों की जानकारी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को दी।
तत्पश्चात परिषद् के संस्कार गतिविधि संयोजक जयप्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को भारत की महान गुरु-शिष्य परंपरा एवं विद्यार्थी के जीवन निर्माण में शिक्षक की भूमिका विषय पर जानकारी दी।

मेधावी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का किया सम्मान
परिषद् द्वारा गत शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले छात्र-छात्राओं शौर्य राठौड़, मनीष, प्रियांशी जांगिड़, दीक्षा कंवर, निर्मलसिंह गुर्जर, अमन कुरैशी एवं मनजीतसिंह राजावत का दुपट्टा, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मान किया गया।
वहीं उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए शिक्षक वर्ग से द्वारकाप्रसाद शर्मा, इंदु कुमारी चौधरी, युवराज बटेसर, गोवर्धन चूला, तरुण खंडेलवाल, गोपाल शर्मा एवं शारदा गावड़िया का दुपट्टा, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर अभिनंदन किया गया।
राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने का आह्वान
तत्पश्चात विद्यालय के संरक्षक दिनेश चौधरी ने परिषद् द्वारा विद्यार्थियों में संस्कार विकसित करने की भावना से जुड़े इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी विद्यालय में परिषद् के प्रकल्पों का नियमित आयोजन करने का आग्रह किया तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में परिषद् के अध्यक्ष एडवोकेट ओमप्रकाश सेन ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समस्त स्टाफ का कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
इस दौरान परिषद् के सेवा गतिविधि संयोजक सुशील काबरा, संपर्क संयोजक शरद सोमानी तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अंतरराज्यीय मंदिर चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार






