कुचामन सिटी. डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र तीन घंटे के भीतर अपहृत भागीरथ को आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया।


पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया। पुलिस अब अपहरण के कारणों और आरोपियों की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन और लगातार मॉनिटरिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह के नेतृत्व तथा वृत्ताधिकारी गरिमा चौधरी (आरपीएस) और थाना प्रभारी महावीर प्रसाद की टीम ने यह सफलता हासिल की।
दरअसल, 28 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे पदमपुरा निवासी लोकेश पुत्र भागीरथ कुमावत ने कुचामन सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता भागीरथ कुमावत घर पर बैठे थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो उनके खेत के गेट के पास आकर रुकी। वाहन में सवार तीन लोगों ने भागीरथ कुमावत को आवाज देकर गेट के पास बुलाया और वहां पहुंचते ही उनके साथ मारपीट कर जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर मीठड़ी की ओर ले गए।

SP ने करवाई ए-श्रेणी की नाकाबंदी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान स्वयं एक्शन मोड में आ गए। उनके निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और जिलेभर में ए-श्रेणी की नाकाबंदी करवाई।
पुलिस के दबाव से बचने के लिए आरोपियों ने रास्ते में स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट भी बदल दी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और प्रभावी घेराबंदी के कारण उनका यह प्रयास विफल हो गया।
राणासर के पास घेराबंदी, तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मेगा हाईवे पर राणासर गांव के पास घेराबंदी कर अपहृत भागीरथ कुमावत को सकुशल मुक्त कराया तथा तीनों आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखाराम जाट पुत्र लिखमाराम निवासी भण्डारी, थाना खुनखुना, सीताराम जाट पुत्र शिव नारायण निवासी सिलनवाद, श्रवण राम जाट पुत्र भगवानाराम निवासी भण्डारी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच:- पुलिस ने बताया कि अपहरण के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका तथा इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया गया है।
गर्मी से बेहाल डीडवाना-कुचामन, तापमान 40 डिग्री पर; मानसून को लेकर मौसम विभाग का अपडेट






