कुचामन शहर में प्रतिदिन कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है जो शहर की यातायात व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती है।


यह समस्या तब और अधिक खतरनाक हो जाती है जब अस्पताल के आसपास जाम लग जाता है। ऐसे हालात में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता जिससे उनकी जान तक जोखिम में पड़ सकती है।

कई बार ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जब एंबुलेंस तक अस्पताल के मुख्य गेट के पास जाम में फंस गई, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हुईं। तेज़ी से भागती इस जिंदगी में हर व्यक्ति अपने काम को प्राथमिकता देता है। लेकिन इसी जल्दबाज़ी में लोग यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं जिससे अव्यवस्था और बढ़ती है।

कुचामन की अस्पताल रोड को शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में गिना जाता है। जहां दिनभर वाहनों का भारी दबाव रहता है। इस समस्या की सबसे बड़ी वजह यहां पार्किंग व्यवस्था का अभाव है। सरकारी चिकित्सालय को छोड़ दें तो आसपास के निजी अस्पतालों और मेडिकल दुकानों के बाहर भी व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा नहीं है। परिणामस्वरूप दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति पैदा होती है।
जिले की एसपी ऋचा तोमर ने कहा था कि नया जिला है, अभी यहां उतनी व्यवस्था नहीं है। हालांकि अगस्त 2023 में डीडवाना-कुचामन जिला बना था और अभी 2026 चल रहा है। अब या तो सरकार कुछ नहीं करना चाहती या प्रशासन सुधार नहीं कर पा रहा।
इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस की कमी भी एक प्रमुख कारण बनकर सामने आ रही है। लंबे समय से यह कहा जाता रहा है कि शहर में ट्रैफिक पुलिस बल पर्याप्त नहीं है। लेकिन अब तक इस कमी को दूर नहीं किया जा सका है। व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण नियमों का पालन नहीं हो पाता जिससे अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात को बढ़ावा मिलता है।
हाल ही में डीडवाना-कुचामन के नए कलक्टर अवधेश मीणा ने यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए बैठक की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब ऐसी बैठक आयोजित की गई हो। इससे पहले भी कई कलक्टरों द्वारा इसी तरह के प्रयास किए गए। लेकिन जमीनी स्तर पर उनके निर्देशों की प्रभावी पालना नहीं हो सकी।
अब देखना यह होगा कि नए प्रशासनिक प्रयासों का वास्तविक असर शहर की सड़कों पर नजर आता है या नहीं और क्या कुचामन के लोगों को जाम की इस समस्या से राहत मिल पाती है।
कुचामन सिटी: भीषण गर्मी में सफाईकर्मियों के ड्यूटी समय बदलने की मांग, SDM को सौंपा ज्ञापन






