नावां: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं प्रभारी मंत्री ने शनिवार को नगर परिषद सभागार कुचामन में आयोजित बजट-पूर्व संवाद बैठक के दौरान मारोठ के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।


उन्होंने स्पष्ट किया कि अटल पथ सड़क निर्माण से पूर्व डीआई (DI) पाइपलाइन डाली जाएगी। ताकि भविष्य में सड़क को दोबारा खोदने की आवश्यकता न पड़े।

नगर परिषद कुचामन में आयोजित इस बजट-पूर्व बैठक में राजस्व राज्य मंत्री, जिला कलक्टर, पूर्व जिला प्रमुख, नागौर भाजपा अध्यक्ष, नगर परिषद सभापति, अतिरिक्त जिला कलक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मारोठ में अटल पथ सड़क निर्माण से पूर्व डीआई पाइपलाइन डालने, दो ट्यूबवेल एवं दो हैंडपंप स्वीकृत करवाने को लेकर हितेश रारा एवं आर.के. माली द्वारा ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन के साथ प्रस्ताव की प्रति राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी को सौंपी गई। इस पर राज्य मंत्री ने कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी से स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने सोमवार तक स्वीकृति आदेश जारी करने की बात कहते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अटल पथ सड़क बनने से पहले डीआई पाइपलाइन अवश्य डाली जाए।
इस अवसर पर हितेश रारा ने मारोठ की जल समस्या को लेकर मालियों की ढाणी में ट्यूबवेल, भेरूजी मंदिर के पास ट्यूबवेल, दो हैंडपंप, जल स्रोतों के रखरखाव, मारोठ को पर्यटन स्थल घोषित करने तथा मारोठ सीएचसी अस्पताल को 30 बेड से बढ़ाकर 50 बेड करने की मांग रखी। प्रभारी मंत्री ने इन मांगों को उचित एवं जायज बताते हुए बजट में शामिल करवाने का आश्वासन दिया।

समाजसेवी आर. माली ने बताया कि ज्ञापन में कुल 10 सूत्रीय मांगें रखी गई हैं। ताकि आगामी बजट में मारोठ को अधिक से अधिक सौगातें मिल सकें।
ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं –
- मारोठ को पर्यटन स्थल का दर्जा दिया जाए।
- मारोठ से जीण माता मंदिर तक सड़क निर्माण किया जाए।
- मारोठ में स्थित बांध, तालाब, तलाई, नाड़ी एवं बावड़ियों का जीर्णोद्धार एवं रखरखाव कर जल संरक्षण किया जाए।
- मारोठ से गोविंदी तक सड़क निर्माण किया जाए।
- मारोठ से बाड़ के बालाजी होते हुए लूणवा तक सड़क बनाई जाए।
- मारोठ से खुशियां तक सड़क निर्माण किया जाए।
- मारोठ मालियों की ढाणी में पानी की पाइपलाइन एवं ट्यूबवेल स्वीकृत किए जाएं।
- मारोठ में दो ट्यूबवेल एवं दो हैंडपंप स्वीकृत किए जाएं।
- मारोठ अस्पताल को 50 बेड का किया जाए।
- मारोठ में एक सरकारी कॉलेज खोला जाए।
नावां पुलिस ने 28 किलो से ज्यादा अवैध गांजा पकड़ा, कुचामन व छत्तीसगढ़ के रहने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार






