कुचामन सिटी. महावीर इंटरनेशनल के तत्वावधान में एवं गुणमाला देवी कमलकुमार जैन पाण्ड्या के सौजन्य से 37वां निःशुल्क हड्डी रोग जांच शिविर रविवार 14 दिसंबर 2025 को अरिहंत हेल्थ केयर सेंटर, राजकीय चिकित्सालय के पास आयोजित किया गया। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक रहा।


शिविर में हड्डी, जोड़, लिगामेंट तथा घुटना रिप्लेसमेंट सर्जरी के विशेषज्ञ डॉ. जितेश जैन (राजस्थान हॉस्पिटल, जयपुर) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर का शुभारंभ शिविर संयोजक वीर अशोक गंगवाल, रतनलाल मेघवाल, डॉ. जितेश जैन, संस्था अध्यक्ष वीर रामावतार गोयल तथा दानदाता परिवार की ओर से वीर कैलाशचंद जैन द्वारा किया गया।

वीर नरेश कुमार झाझंरी एवं वीर तेजकुमार बड़जात्या ने बताया कि शिविर में कुचामन सिटी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों नावा, मारोठ, मीठड़ी और पलाड़ा से आए कुल 76 मरीजों ने निःशुल्क जांच व परामर्श का लाभ लिया। इस दौरान 32 एक्स-रे एवं 29 रक्त संबंधी जांचें भी निःशुल्क की गईं।
संस्था सचिव अजित पहाड़िया एवं वीर नंदकिशोर बिडसर ने बताया कि सेवाभावी चतर्भुज शर्मा, अशोक मोर, शुम्भुकाका पेन्ट्स एवं राजेश अग्रवाल (सुपारीवाला) ने शिविर का अवलोकन किया और महानगरों के ख्यातिप्राप्त चिकित्सकों की सुविधाएं कुचामन में उपलब्ध कराने पर संस्था के सेवा कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

शिविर के सफल आयोजन में वीर प्रदीप काला, अधिवक्ता वीर रतन प्रधान, वीर आकाश पहाड़िया, बोदु कुमावत, जितेंद्र, कंचन चौधरी एवं सुरजीत वैष्णव का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में वीर सुभाष पहाड़िया ने सभी सहयोगियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






