कुचामन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उगरपुरा गांव के पास किशनगढ़–हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया।


एक ट्रेलर और गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के पिछले हिस्से से कई सिलेंडर सड़क पर बिखर गए।

सिलेंडर गिरने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाई।

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात हुआ जब ट्रेलर और सिलेंडर से भरा ट्रक तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गए। भिड़ंत के बाद ट्रक हाईवे पर ही खड़ा रह गया और गैस सिलेंडर सड़क पर लुढ़कते हुए दूर-दूर तक फैल गए।

गनीमत रही कि सिलेंडर खाली थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और चालक व सहायक घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कुचामन सिटी थाना क्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए हाईवे पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
गैस एजेंसी के कर्मचारियों को बुलाकर सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। इसके बाद दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।






