कुचामन सिटी. राजकीय जिला चिकित्सालय में आज सीपीआर अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन कार्यवाहक प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. ढाका की अध्यक्षता में किया गया।


कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में वरिष्ठ विशेषज्ञ (एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर) डॉ. सत्यनारायण कुम्हार तथा नर्सिंग अधिकारी सुरेश ढाका ने भाग लिया। उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं आमजन को कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में बेसिक सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) की जानकारी दी तथा उपस्थित जनसमूह को हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी प्रदान की।

इस अवसर पर लोगों को बताया गया कि घर, सार्वजनिक स्थान, बस, ट्रेन या सड़क दुर्घटना जैसी किसी भी परिस्थिति में यदि किसी व्यक्ति को कार्डियक अरेस्ट हो जाए, तो समय पर सीपीआर देकर उसकी जान बचाई जा सकती है।
डॉ. सत्यनारायण कुम्हार ने बताया कि भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार के संयुक्त प्रयासों से पूरे देश में 13 से 17 अक्टूबर तक सीपीआर अवेयरनेस सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में कुचामन क्षेत्र में भी विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण गतिविधियाँ इस सप्ताह के दौरान आयोजित की जाएंगी।






