कुचामन सिटी में जिम के अंदर कारोबारी रमेश रूलानियां की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो राज्यों में चल रहे अभियान के दौरान पश्चिम बंगाल से इस सनसनीखेज हत्याकांड में वांछित तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है।


पकड़े गए आरोपियों में मुख्य शूटर शामिल है, जिन पर राजस्थान पुलिस के एडीजी (क्राइम) दिनेश एम.एन. ने 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।
डीडवाना-कुचामन की पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) ने बताया — “हमारी टीम को आरोपियों के पश्चिम बंगाल में होने की जानकारी मिली थी। वहां स्थानीय पुलिस की सहायता से तीनों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें जल्द राजस्थान लाया जाएगा।

7 अक्टूबर को जिम में हुई थी हत्या
7 अक्टूबर की सुबह कुचामन सिटी में स्थित एक जिम में हमलावरों ने कारोबारी रमेश रूलानियां पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल रमेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने दो दिन तक कुचामन थाने के बाहर धरना देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

पुलिस की 20 टीमें 8 राज्यों में चला रही थीं सर्च ऑपरेशन
डीडवाना-कुचामन पुलिस ने हत्या के बाद से ही बदमाशों की धरपकड़ के लिए व्यापक अभियान चलाया। पुलिस की 20 टीमों में शामिल 100 से अधिक जवान राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में लगातार छापेमारी कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी पश्चिम बंगाल में छिपे हैं। स्थानीय पुलिस के सहयोग से कुचामन पुलिस ने वहां से तीनों इनामी बदमाश — गणपत गुर्जर, धर्मेंद्र गुर्जर और महेश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया।
गणपत और महेश मकराना के बोरावड़ क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि धर्मेंद्र का संबंध अजमेर से है।
एक और इनामी आरोपी अब भी फरार
इस गिरोह का एक अन्य सदस्य और बोरावड़ निवासी जुबेर अहमद, जिस पर 1 लाख का इनाम घोषित है, अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसे पकड़ने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस टीमों ने नरैना के पास एक बैग बरामद किया था, जिसमें जिगाना पिस्टल और हथियारों का जखीरा मिला था। जांच में यह वही हथियार माने जा रहे हैं, जो हत्या में उपयोग किए गए थे।
कुचामन सिटी: नरैना में हथियार बरामद, आरोपियों के नजदीक है पुलिस
8 सहयोगी पहले ही गिरफ्तार, जिम सील और हिस्ट्रीशीटर का अतिक्रमण हटाया
इससे पहले पुलिस ने शूटरों की मदद करने वाले नाबालिग सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से कई आरोपी गैंगस्टर रोहित गोदारा के करीबी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर सफीक के कैफे का अतिक्रमण तोड़ा और हत्या स्थल वाले जिम को सील कर दिया था।
कुचामन सिटी: रमेश रूलानिया हत्याकांड में सात आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड
कुचामन सिटी में अवैध निर्माण पर कार्रवाई, जेके प्लाजा के दो फ्लोर सीज






