कुचामन सिटी: नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल आज दोपहर करीब 3:00 बजे रमेश रूलानिया हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कुचामन थाने के बाहर चल रहे धरने पर पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल से कहा कि सरकार पोस्टमार्टम करवा ले, लेकिन यह दिमाग से निकाल दे कि धरना समाप्त हो जाएगा।


हनुमान बेनीवाल ने धरना स्थल पर मौजूद परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया, लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, नावां के पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी सहित लोगों को धन्यवाद दिया कि वे पिछले 48 घंटे से धरना स्थल पर बैठे हैं।

सांसद बेनीवाल ने कहा कि कल रमेश शहीद हो गया। ऐसे ही राजस्थान में किसान के बेटों को सत्ता के संरक्षण में पल रहे बदमाशों ने चुन-चुन कर मारा है। सरकार में हमारे लोग केवल अपनी कुर्सी की रखवाली के लिए बैठे हैं।
विजय सिंह पर बरसे हनुमान बेनीवाल
हनुमान बेनीवाल ने मंत्री विजय सिंह पर कहा कि एक तरफ हम लोग बैठे हैं, दूसरी ओर मंत्री विजय सिंह अस्पताल में बैठे हैं और बार-बार कह रहे हैं कि जल्दी पोस्टमार्टम करवाओ, कहीं क्रेडिट दूसरों को ना मिल जाए।

खुद मंत्री होने के बावजूद, अपने परिवार का एक आदमी मर गया। अभी तक तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए था। वैसे भी अबकी बार चुनाव होने पर सब कुछ सामने आ जाएगा।

रमेश से जब मैं मिलता था, तो मंत्री नाराज होते थे। आज मंत्री ने अपने ही परिजन की सुरक्षा हटा दी, और इसका नतीजा आज हत्या के रूप में सामने है।
कौन-सा मंत्री है, एक फ़ाइल तक नहीं आती। सरकार में चार मंत्री हैं, लेकिन भजनलाल जैसे मुख्यमंत्री के होते हुए भी सरकार नहीं चला पा रहे। हमें बता दो, हम सरकार चला लेंगे।
उनके आकाओं को पकड़ कर लाओ ताकि डर खत्म हो – बेनीवाल
हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में वीरेंद्र चारण के हत्या की जिम्मेदारी लेने पर कहा कि दो अपराधियों को पकड़ लेने से कुछ नहीं होगा। जिन्होंने हत्या की जिम्मेदारी ली, वीरेंद्र, रोहित, लॉरेंस गैंग के जो विदेशों में बैठे हैं, उन्हें और उनके आकाओं को राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर इंटरपोल के साथ वहां से पकड़कर राजस्थान लाना चाहिए, ताकि जो डर वे फैला रहे हैं, वह खत्म हो।
यहां के सभी अधिकारियों को फ्री करें सरकार
सांसद ने कहा कि पहले तो सरकार यहां जितने भी अधिकारी हैं, उन्हें फ्री करे। एक आश्वासन दें कि रोहित, वीरेंद्र, लॉरेंस और उनकी टीम को इंटरपोल के माध्यम से राजस्थान लाया जाएगा। एडीजी क्राइम ब्रांच के नेतृत्व में जो टीम कल से काम कर रही है, उसे जल्दी जांच पूरी करनी चाहिए और मुलजिमों के असली आकाओं को पकड़ना चाहिए।
सांसद ने स्पष्ट कहा कि परिजन पोस्टमार्टम करवा लें, लेकिन सरकार दिमाग से निकाल दे कि धरना समाप्त हो जाएगा। चाहे अंतिम संस्कार हो जाए, सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि जिन्होंने हत्या की जिम्मेदारी ली, वे सलाखों के पीछे आए।
बता दें कि परिजनों और मंत्री विजय सिंह चौधरी की मौजूदगी में प्रशासन से समझौता हो गया। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए रवाना कर दिया गया, और कुचामन थाने के बाहर चल रहा धरना भी समाप्त हो गया।






