नावां उपखंड कार्यालय के सामने ग्राम बवली के लोगों ने मृतक लादूराम गुर्जर को न्याय दिलाने को लेकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।


ग्राम पंचायत खारड़िया के बवली में 17 सितंबर को लादूराम पुत्र अमराराम गुर्जर का शव रस्सी से लटका हुआ मिला। परिजन जब पहुंचे तो लादूराम मृत अवस्था में था। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक लादूराम विकलांग था और रस्सी पर लटककर आत्महत्या करना संभव नहीं है। ग्रामीणों ने लादूराम की हत्या होना बताया था।

हत्या के बाद पुलिस व एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए थे। इतने दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू किया।

इसके पश्चात ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर मृतक लादूराम की संदिग्ध मृत्यु की जांच करवाने की मांग की। इसके साथ ही ग्रामीणों ने ज्ञापन में लादूराम की हत्या होने की आशंका जताई है क्योंकि शव मिलने से लगभग दो घंटे पूर्व लादूराम के पिता व परिजनों को फोन पर लादूराम को मारने की धमकी दी गई थी। घटना के 18 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों की ओर से सर्व समाज को साथ लेकर सांकेतिक धरना दिया जा रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती है तो धरना को बड़ा रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने ज्ञापन देने के पश्चात उपखंड कार्यालय के सामने टेंट लगाकर धरना शुरू किया।
अपडेट – नावां में सुबह बवली मामले में विरोध प्रदर्शन के बाद जारी धरने में सीओ अरविंद विश्नोई, थानाधिकारी नन्दलाल चौधरी की ग्रामीणों के साथ विशेष वार्तालाप व कठोर कार्रवाई के आश्वाशन पर धरना समाप्त।
कुचामन सिटी: नाबालिग का अपहरण और गैंगरेप, चितावा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार






