डीडवाना-कुचामन. प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने जिले में अतिवृष्टि से हुए नुकसान एवं बारिश से उत्पन्न समस्याओं से आमजन को राहत देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।


मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों के साथ हर परिस्थिति में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य व्यापक स्तर पर किए जा रहे हैं।

प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी शुक्रवार को जिले में अतिवृष्टि से हुए नुकसान के संबंध में पंचायत समिति सभागार परबतसर में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष बारिश अधिक होने से कई स्थानों पर अतिवृष्टि की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने जिले में अतिवृष्टि से हुए मकानों, फसलों और पशुधन के नुकसान की समीक्षा कर अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में जाकर राहत-बचाव कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।


अतिवृष्टि से राहत और स्थायी समाधान के निर्देश
प्रभारी मंत्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार तात्कालिक राहत के साथ-साथ बारिश और अतिवृष्टि से होने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की परेशानियों को प्रभावी रूप से दूर कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित स्थानों पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने, आपदा के तहत सहायता के प्रस्ताव तैयार करने, फसलों की समय पर गिरदावरी कराने, पीने के पानी, आवश्यक दवाओं और साफ-सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
सड़क और स्कूलों की मरम्मत के प्रस्ताव
बैठक में प्रभारी मंत्री चौधरी ने जिले में आपदा सहित विभिन्न मद से स्कूलों की मरम्मत के प्रस्ताव, जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों के प्रस्ताव लेकर गुणवत्ता पूर्ण कार्य करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने जिले में शहर चलों अभियान, गाँव चलों अभियान, सहकार सदस्यता अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों, हरियालों राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण की प्रगति, फसल बीमा के संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक को नशे की गतिविधियों पर रोकथाम के लिए सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, प्रभारी सचिव कन्हैयालाल स्वामी, जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत, जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, मकराना प्रधान सुनीता भींचर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचन्द्र राड सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
डीडवाना: मौलासर बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, महिला सहित दो की मौत
कुचामन सिटी अस्पताल पहुँचे कलक्टर और एसपी, मौलासर बाईपास हादसे में घायलों की ली जानकारी
डीडवाना मंडी सहित 12 कृषि उपज मंडियों के लिए 43.87 करोड़ स्वीकृत






