कुचामन सिटी. भांवता निवासी युवक ने कार में टक्कर मारने की कोशिश, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस थाना कुचामन सिटी में मामला दर्ज करवाया है।


आरोप है कि मुलजिमों ने घर में घुसकर उसके परिवार को डराया-धमकाया। इस वजह से परिवार भय के माहौल में रह रहा है।
दरअसल, दीपक पुत्र श्यामसुन्दर शर्मा निवासी भांवता ने रिपोर्ट में बताया कि 11 सितम्बर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी कार (एल्टो) से खेत से घर लौट रहा था।

इसी दौरान गांव के देवीलाल पुत्र रामुराम जाट ने अपनी स्विफ्ट कार से उसकी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। विरोध करने पर देवीलाल कार से उतरा और दीपक का कॉलर पकड़कर उसे मां-बहन की गालियां देने लगा। इसके बाद दीपक किसी तरह वहां से बचकर घर चला गया और फिर जरूरी काम से कुचामन सिटी चला गया।
घर में घुसकर कहा – तेरे बेटे को मार देंगे
दीपक ने आगे बताया कि करीब 3 बजे उसके पिता ने फोन कर जानकारी दी कि मुल्जिम देवीलाल, मदन डोडवाडिया, ओकार मुवाल और 10-15 अन्य लोग घर में घुस आए और कहने लगे कि “तेरे बेटे को जान से खत्म कर देंगे।” विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पिता के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश की।

इसके बाद दीपक अपने साथी भीमसिंह पुत्र बलव्रीरसिंह के साथ गांव लौट रहा था। जब दोनों भोपा का बास, कुचामन पहुंचे तो मुल्जिम ओकार मुवाल और उसके 3-4 साथी अपनी कैम्पर गाड़ी लगाकर खड़े थे।
उन्होंने दीपक को जबरन गाड़ी में बैठाने की धमकी दी और जान से मारने की चेतावनी दी। किसी तरह वह गांव पहुंचा, जहां पहले से देवीलाल करीब 20-25 लोगों के साथ खड़ा मिला। आरोपियों ने दीपक को रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए भीमसिंह के साथ भी मारपीट की गई।
गाड़ी लेकर फिर आए आरोपी
हो-हल्ला होने पर दीपक के पिता और परिवारजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह बचाव कर उसे घर ले गए। इसके बाद शाम करीब 6:40 बजे आरोपी देवीलाल और ओकार कैम्पर (नं. RJ 21 GD 2414) लेकर दीपक के घर पहुंचे और गाड़ी से घर के गेट में टक्कर मारने की कोशिश की। आरोपियों ने ऐलानिया धमकी दी कि पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
रिपोर्ट के आधार पर थाना कुचामन सिटी ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे कोई चोट नहीं आई है इसलिए वह मेडिकल जांच नहीं करवाना चाहता। पुलिस ने नियमानुसार कार्यवाही शुरू कर दी है।
कुचामन सिटी: भाँवता गांव में सरपंच प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला, गांव में दशहत का माहौल






