राजस्थान. शिवसेना (शिंदे) के प्रदेशाध्यक्ष मंजीत पाल सिंह सांवराद ने देशनोक में करणी माता के धाम से बुधवार को राजस्थान में शिवसेना के विस्तार एवं संगठनात्मक संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश की राजनीति में नई पहल की।

प्रदेशाध्यक्ष मंजीत पाल सिंह सांवराद ने सम्मेलन में शिवसेना राजस्थान संगठन के विभिन्न पदों पर नियुक्तियों की घोषणा करते हुए पदाधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियां सौंपी।

शिवसेना की संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा कर सौंपे दायित्व :-
देशनोक में करणनाथ महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यकर्ता सम्मेलन में शिवसेना के प्रदेश एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा की गई।
इसके अनुसार – प्रेमचंद साहू को प्रदेश संयोजक, नरेंद्र सिंह राजावत को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, उम्मेद सिंह शेखावत को प्रदेश महामंत्री (संगठन) एवं प्रदेश प्रवक्ता, रणवीर सिंह को प्रदेश महासचिव (युवा सेना), गोपी गुर्जर को प्रदेशाध्यक्ष युवा सेना एवं भगवत प्रताप सिंह को प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है।

इनके अलावा इस अवसर पर की गई घोषणा के अनुसार – सभी जिलों व विधानसभा क्षेत्रों के लिए जिला प्रभारी, जिला प्रमुख, जिलाध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा प्रमुख, युवा सेना के जिलाध्यक्षों आदि का मनोनयन कर उन्हें दायित्व सौंपे गए। विभिन्न पदों पर दी गई इन नियुक्तियों को संगठन के आगामी विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हर अत्याचार के विरुद्ध खड़ी मिलेगी शिवसेना :-
कार्यक्रम में शिवसेना के प्रदेश महामंत्री उम्मेद शेखावत ने कहा कि प्रदेश में लोगों को सुशासन के लिए अन्याय व अत्याचार से मुक्त नए विकल्प की तलाश थी, जिसे शिवसेना पूरा करेगी।
शिवसेना हर अत्याचार के खिलाफ खड़ी मिलेगी और न्याय के लिए उनका संघर्ष कभी पीछे नहीं हटेगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मंजीत पाल सिंह सांवराद के साथ नरेंद्र सिंह राजावत, उम्मेद शेखावत, प्रताप सिंह आजवा, प्रेमचंद साहू, आर.के. सुरपालिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जमीनी स्तर पर सक्रिय हो जाएं शिवसेना के सभी सैनिक :-
इस अवसर पर शिवसेना प्रदेशाध्यक्ष मंजीत पाल सिंह सांवराद ने शिवसेना को राज्य का सबसे मजबूत राजनीतिक संगठन बनाने का आह्वान किया और कहा कि करणी माता के पावन धाम की धरा से की गई यह शुरुआत एक वटवृक्ष का रूप लेगी।
उन्होंने अपने संबोधन में संगठन की आगामी रणनीति, विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्तियों तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
मंजीत पाल सिंह ने प्रदेश कार्यकारिणी की शुरुआत के साथ ही संगठन को प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां निभाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।






