कुचामन सिटी. गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत रविवार को शहर में डीडवाना-कुचामन जिले की बैठक आयोजित हुई। बैठक का नेतृत्व संत समाज ने किया, जिसमें 27 जुलाई को होने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।




फतेहपुर बुद्धगिरी मंडी से पधारे संत दिनेश गिरी महाराज ने अभियान के द्वितीय चरण की जानकारी देते हुए बताया कि 27 जुलाई को देश के 790 जिलों में 15 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे।
अभियान के जिला प्रभारी संत सुदर्शन दास ने बताया कि डीडवाना में वीर तेजा पशु मेला मैदान से शांतिपूर्ण रैली निकालकर प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा।

पालवास से पधारे संत भगवानदास ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान के पक्ष में जनभावनाओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यम से भारत सरकार तक पहुंचाना है।
बैठक में जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया और डिजिटल प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में संतों ने प्रदेश के गोभक्तों, युवाओं, मातृशक्ति एवं समस्त सनातन समाज से 27 जुलाई को आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजस्थान प्रभारी बहादुर सिंह, परमानंद महाराज, मोनी बाबा, संत भगवानदास, कुंड धाम पांचोता से हरिदास महाराज, केवलानंद महाराज, जिला प्रभारी रवि भार्गव, तहसील प्रभारी कमल कुमार पारीक, सुनील कुमार माथुर, राजू नेहरा, डॉ. रजनी गावड़िया सहित कुचामन की आठ तहसीलों से बड़ी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे।






