कुचामन सिटी. मुआवजा दिलाने का झांसा देकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने तथा बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपए मूल्य की भूमि हड़पने के आरोप का मामला सामने आया है।


पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में कुचामन थाने में परिवाद देकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित प्रभूराम पुत्र नानूराम कुमावत निवासी दीपपुरा ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2022 में उनकी संयुक्त खातेदारी भूमि में से कुछ हिस्सा नई रिंग रोड निर्माण में चला गया था। इसके बाद संबंधित भूमि के नए खसरा नंबर कायम हुए, लेकिन नामांतरण दर्ज नहीं होने से भूमि रिकॉर्ड में खातेदारी यथावत दर्ज रही।
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि अशोकपुरी नामक व्यक्ति ने स्वयं को वकील बताते हुए परिवार से संपर्क किया और नगरपालिका से करीब 11 लाख रुपए का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसी बहाने उसने परिवार का विश्वास जीतकर उनसे निकट संबंध बना लिए।

इसके बाद परिवार के एक खातेदार की मृत्यु होने पर आरोपित ने मुआवजा प्राप्त करने के लिए नामांतरण आवश्यक बताते हुए उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज करवाए। साथ ही बैंक में लंबित केसीसी ऋण का भुगतान करवाकर नो ड्यूज भी प्राप्त कर लिया।
तहसील बुलाकर करवाए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर
प्रभूराम ने बताया कि 18 जून 2026 को अशोकपुरी ने फोन कर कहा कि भूमि का मुआवजा तहसील में जमा हो चुका है और सभी हिस्सेदारों को आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए तहसील परिसर आना होगा।
इसके बाद परिवार के सदस्य वहां पहुंचे। जहां उन्हें एक कार्यालय में ले जाकर फोटो खिंचवाने और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए हस्ताक्षर से पहले दस्तावेजों को पढ़ने, समझने और उनकी प्रतिलिपि लेने की मांग की गई थी। लेकिन आरोपित ने जल्दबाजी करते हुए ऐसा नहीं करने दिया। आरोप है कि मुआवजा नहीं मिलने का भय दिखाकर दस्तावेजों पर फोटो और हस्ताक्षर करवा लिए गए।
करोड़ों की भूमि हड़पना चाहता था आरोपी
परिवार का आरोप है कि बाद में पता चला कि मुआवजे की प्रक्रिया के नाम पर संबंधित भूमि के विनिमय पत्र और विक्रय विलेख तैयार करवा लिए गए। आरोपित पर दस्तावेजों की वास्तविक प्रकृति छिपाकर धोखे से सहमति प्राप्त करने का आरोप लगाया गया है।
रिंग रोड में गई भूमि के बदले प्राप्त भूमि की कीमत करोड़ों रुपए आंकी गई है। इसी भूमि को हड़पने की नीयत से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर परिवार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
इस मामले में पीड़ित परिवार ने कुचामन थाने में शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।






