डीडवाना-कुचामन पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा के वाहन को टक्कर मारकर फरार हुए दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर वाहन भी बरामद कर लिया है।


ओवरटेक कर मारी थी टक्कर
जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 की रात खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा जयपुर से नागौर की ओर अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से जा रहे थे। रात करीब 10:20 बजे गोविन्दी से नांवा के बीच पीछे से आई एक बिना नंबर की बोलेरो कैम्पर ने तेज गति, लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए विधायक के वाहन को ओवरटेक कर टक्कर मार दी। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक ने रात में ही संभाला मोर्चा
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान स्वयं रात में नांवा पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा, वृताधिकारी मुकेश चौधरी तथा थानाधिकारी नांवा नंदलाल के नेतृत्व में गठित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही जिले और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कराई गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिले सुराग
पुलिस टीमों ने नांवा शहर, गोविन्दी, राजास, गोविन्दी टोल प्लाजा और खाखड़की रोड सहित विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, आसूचना संकलन और वाहन के हुलिये के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो कैम्पर बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खाखड़की निवासी मनीष (24) पुत्र हनुमानराम जाट तथा सुरज (27) पुत्र कानाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर वाहन भी बरामद कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
नावां: पटवारी से मारपीट मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, 8 जून से आंदोलन की चेतावनी






