कुचामन सिटी. राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड द्वारा संचालित कौशल विकास शिविर में स्थानीय बालचर संघ कुचामन सिटी के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया गया।


शिविर में दैनिक समय विभाग चक्र अनुसार प्रशिक्षण गतिविधियों के साथ जैव विविधता संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर स्थानीय बालचर संघ के सचिव रामेश्वर भाकर ने जैव विविधता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संभागियों को अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल बचत एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षक रामस्वरूप चौधरी के निर्देशन में स्काउट-गाइड ने स्थानीय बालचर संघ भवन परिसर एवं आसपास सफाई अभियान चलाया तथा पौधों में पानी दिया। साथ ही पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए एवं संघ द्वारा संचालित जल मंदिर में राहगीरों के लिए पानी की व्यवस्था की गई।

शिविर के दौरान स्काउट-गाइड द्वारा एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें जैव विविधता संरक्षण, जल बचाने एवं जीवों की रक्षा का संदेश दिया गया। रैली के समापन पर स्काउट-गाइड को अल्पाहार करवाया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक दल मोहनलाल, दीपिका, सुनीता सोनी, मंजू देवी जाट एवं अनीता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






