डीडवाना-कुचामन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार कृषकों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जिले की 5 विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिला मुख्यालय से किया गया।


एलईडी मोबाइल वैन निर्धारित रूट के अनुसार गांवों में जाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रही है। इसके अलावा कला जत्था के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को जागरूक कर रहे हैं।

ग्राम रथ अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की सहभागिता से कृषकों, पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रथ में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति की व्यवस्था की गई है। साथ ही, कला जत्था के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए आमजन को जागरूक कर रहे हैं।

रथों में सुझाव पेटिका भी उपलब्ध करवाई गई है जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं सुझाव दर्ज कर सकते हैं। इसके साथ ही ग्राम रथ अभियान के तहत प्रतिदिन ग्राम पंचायत के अंतिम ठहराव स्थल पर संध्या चौपाल का आयोजन भी किया जा रहा है, जहां संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई की जा रही है।
आज यहां आयोजित हुए ग्राम रथ कार्यक्रम :-
इसी क्रम में बुधवार को जिले की लाडनूं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढींगसरी, नावां की लूणवा, परबतसर की रावां, मकराना की बरवाला तथा डीडवाना की दादूबासनी ग्राम पंचायतों एवं गांवों में ग्राम रथ एवं कला जत्था के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने उत्साह के साथ ग्राम रथ का स्वागत किया।
गुरुवार को इन ग्राम पंचायतों में जाएंगे ग्राम रथ :-
ग्राम रथ अभियान के तहत गुरुवार को लाडनूं की ग्राम पंचायत निम्बी जोधा, नावां की मींडा, परबतसर की ठठाना, मकराना की कूकड़ोद तथा डीडवाना के ग्राम ठाकरियावास में ग्राम रथ पहुंचेंगे और आमजन को योजनाओं की जानकारी देंगे।






