कुचामन शहर के मेगा हाईवे पर त्रिसंगिया के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तीन वाहनों की आपसी टक्कर में एक युवती की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए, जिनका उपचार जारी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार – यह दुर्घटना ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुई। बलेनो कार आगे चल रही तूफान गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश में उससे जा टकराई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मिनी टूरिस्ट बस भी संतुलन बिगड़ने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए।

घायलों को तत्काल कुचामन के राजकीय चिकित्सालय स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक युवती को मृत घोषित कर दिया। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। जबकि अन्य छह घायलों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
मृतक युवती व घायलों की जानकारी
हादसे में बलेनो कार सवार कुचामन के समीप ग्राम रुपपुरा निवासी सोनू राठौड़ (22) पुत्री श्रवणसिंह की मौत हो गई। बलेनो चालक सुभाष (30) पुत्र हनुमान पुनिया, निवासी रावां गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।

बलेनो में सवार कुमकुम पुत्री ओमप्रकाश निवासी मिंडा हॉल, कुचामन वैली घायल हुई हैं। वहीं तूफान गाड़ी में सवार दीपक पुत्र सुखदेव (45) निवासी रातमाली, तहसील मालेगांव, जिला नासिक (महाराष्ट्र) सहित अन्य यात्री भी चोटिल हुए हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर में लोगों की भीड़ जुट गई। चिकित्सकों सहित स्टाफ ने तत्परता से घायलों का उपचार शुरू किया।
घटना की जानकारी पर सतपाल चौधरी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा घायलों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कुचामन सिटी: जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान, भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित






