नावां: मारोठ क्षेत्र में चाइनीज मांझे से जुड़ा एक खतरनाक मामला सामने आया है। बीजापुरा (मारोठ) निवासी किसान गंगाराम पुत्र गोवर्धन राम चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगाराम मोटरसाइकिल से बीजापुरा से मारोठ यूरिया खाद लेने के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान मारोठ भेरुजी मंदिर के पास चलती मोटरसाइकिल पर अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन को काटता हुआ गुजर गया। इससे उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों एवं स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल गंगाराम को तुरंत मारोठ चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कुचामन रेफर कर दिया गया। घायल के भाई ने घटना की जानकारी देते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जिले में चाइनीज मांझे पर पहले से प्रतिबंध, फिर भी बिक रहा
डीडवाना-कुचामन जिले में जिला कलक्टर द्वारा चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद यह खुलेआम बिक रहा है। इससे वाहन चालकों सहित आमजन को लगातार जानलेवा खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिसका खामियाजा निर्दोष लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
डीडवाना-कुचामन कलक्टर ने लगाया चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध, पतंग उड़ाने का समय भी निर्धारित






