कुचामन सिटी. पदमपुरा रोड स्थित मांधनिया फार्महाउस के पास वार्ड 21 में गंदे पानी की गंभीर समस्या को लेकर वार्डवासियों का सब्र जवाब देने लगा है।


नालियों की निकासी नहीं होने से लगातार गंदा पानी भरा रहता है। जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने इस संबंध में डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। AEN एवं AE को मौके पर बुलाकर गंदे पानी के निस्तारण का पूरा मार्ग भी दिखाया गया। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
निवासियों का आरोप है कि अधिकारी मौके पर आकर केवल औपचारिक निरीक्षण कर चले जाते हैं और हर बार आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। गली में पानी भरा रहने से आए दिन आपसी विवाद की स्थिति बन रही है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ते जा रहे हैं।

वार्डवासियों ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि इस समस्या से स्थानीय विधायक से लेकर नगर परिषद आयुक्त तक को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों का स्थायी निस्तारण कर सीसी रोड का निर्माण कराया जाए ताकि वर्षों से चली आ रही इस विकट समस्या से राहत मिल सके।
कुचामन सिटी: सारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने वाले मंत्री पार्टी के बैनर से ही गायब






