कुचामन सिटी. में हुए व्यापारी रमेश रूलानियां हत्याकांड में एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। डीडवाना-कुचामन पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या के लिए अवैध हथियार व कारतूस उपलब्ध करवाने वाले एक और आरोपी साहिल को गिरफ्तार किया है।


आरोपी द्वारा व्यापारी रमेश रूलानियां की हत्या में प्रयुक्त हथियार और कारतूस उपलब्ध करवाए जाने की पुष्टि पुलिस जांच में हुई है।

यह कार्रवाई ऋचा तोमर, पुलिस अधीक्षक, जिला डीडवाना-कुचामन के निर्देशन में तथा विमल सिंह नेहरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन शहर और मुकेश चौधरी, वृत्ताधिकारी कुचामन शहर के सुपरविजन में की गई। पुलिस थाना कुचामन शहर के थानाधिकारी सतपाल सिंह के नेतृत्व में आरोपी साहिल (37) पुत्र रमेश दर्जी निवासी वीरवानपाना जैन चोक, पुलिस थाना भिवानी सिटी (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।
हत्या के लिए पिस्टल, कारतूस और मैगजीन सप्लाई
पुलिस के अनुसार आरोपी साहिल को दिनांक 23 दिसंबर 2026 को गिरफ्तार कर एसीजेएम कोर्ट कुचामन सिटी में पेश किया गया, जहां से एक दिन का पीसी रिमांड प्राप्त किया गया। अनुसंधान में सामने आया कि साहिल व उसके साथी द्वारा जितेन्द्र सिंह चारण उर्फ जीतू चारण को रमेश रूलानियां की हत्या के लिए विरेंद्र चारण व रोहित गोदारा के कहने पर दो पिस्टल, कारतूस और मैगजीन उपलब्ध करवाई गई थी। बाद में इन्हीं हथियारों से आरोपी गणपत गुर्जर सहित अन्य मुल्जिमों द्वारा रमेश रूलानियां की जिम में हत्या की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि साहिल, रोहित गोदारा और विरेंद्र सिंह चारण के इशारों पर काम करता था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके साथी राहुल ने सितंबर माह में बेंगलुरु में मशहूर कॉमेडियन मुन्नवर फारूकी की रैकी कर फायरिंग के जरिए हत्या का प्रयास किया था, जो असफल रहा। आरोपी के खिलाफ पूर्व में छह आपराधिक प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है। साथ ही आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि विरेंद्र चारण ने उसे विदेश में सेटल कराने का लालच देकर अपने गैंग में शामिल किया था।
फिलहाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी साहिल से गहन पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि इस हत्याकांड में अब तक कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।






