कुचामन सिटी. शहर के आसपास के गांवों के खेतों में इन दिनों सरसों की फसल लहलहाने लगी है। खेतों में पीला सोना लहराता हुआ दिखाई देने लगा है। जिसके चलते पूरा क्षेत्र मनमोहक नजारा पेश कर रहा है।


दोपहर में चटख धूप खिलने के बाद दूर से खेतों को देखने पर ऐसा प्रतीत होता है मानो धरती ने पीली चूनर ओढ़ ली हो।

दरअसल इन दिनों क्षेत्र के गोपालपुरा, दीपपुरा, शिवदानपुरा, सुजानपुरा, मुनपुरा, इडाली, हिरानी, भांवता आदि गांवों के इलाकों में सरसों की फसलें खड़ी हैं। खेतों में खिले सरसों के पीले फूल दूर से ही पीली चूनर का आभास करवा रहे हैं। इस दृश्य को देखकर किसान भी हर्षित नजर आ रहे हैं।
क्षेत्र के किसान परसाराम बुगालिया, हनुमानराम, रामेश्वर लाल, भागुराम, कमलकांत डोडवाडिया, झूमरमल बिजालणिया, बिरमाराम बांगड़वा, मुननाराम महला तथा शौदानाराम बुगालिया सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि फिलहाल सर्दी का असर कम है, लेकिन आगे सर्दी तेज होने पर सरसों सहित अन्य फसलों के लिए यह मौसम फायदेमंद रहेगा।

किसान परसाराम बुगालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यदि आगे भी मौसम ठीक-ठाक रहा और फसलों पर किसी प्रकार की बीमारी का प्रकोप नहीं लगा तो सरसों की अच्छी पैदावार होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि यदि मौसम ने साथ दिया तो इस वर्ष पिछले साल की तुलना में सरसों की पैदावार बेहतर रहने की उम्मीद है। इन दिनों फसल पर पीले फूल भी आना शुरू हो गए हैं। जिसको लेकर किसान फसलों की सार-संभाल में जुटे हुए हैं।
कुचामन सिटी: जन्मदिन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति ने किया अभिनंदन
कुचामन सिटी: पेंशनर्स दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों व गुरुजनों का सम्मान






