नावां: निकटवर्ती ग्राम राजास में उप-जिला चिकित्सालय हेतु भूमि आवंटन किए जाने पर सोमवार को ग्राम राजास, गोविंदी, जाब्दीनगर सहित आसपास के अनेक गांवों के हजारों ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी दिव्या सोनी का आभार व्यक्त करते हुए ज्ञापन सौंपा।


सोमवार सुबह ग्रामीण ग्राम राजास में एकत्र हुए। इसके पश्चात सैकड़ों मोटरसाइकिलों और ट्रैक्टरों के साथ रैली के रूप में नावां पहुंचे। रैली शहर के सांभर चौराहे से पैदल उपखंड कार्यालय तक निकाली गई। जहां उपखंड अधिकारी एवं जिला कलक्टर को ग्राम राजास में उप-जिला चिकित्सालय हेतु भूमि आवंटन के निर्णय पर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन द्वारा जनहित को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त स्थान का चयन किया गया है। इससे नावां शहर के साथ-साथ राजास, गोविंदी, जाब्दीनगर, गुढ़ा, चौसला, लूणवा, लोहराना सहित दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
लंबे इंतजार के बाद उप-जिला चिकित्सालय को मिली जमीन
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि राज्य बजट 2021-22 में नावां क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप-जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई थी। जिसके लिए बजट भी स्वीकृत हुआ। प्रारंभ में भूमि आवंटन के बाद स्थानीय विरोध एवं न्यायालयी प्रक्रिया के कारण कार्य में विलंब हुआ। अब प्रशासन द्वारा ग्राम राजास में लगभग 3 हेक्टेयर सरकारी भूमि आवंटित की गई है। जो नगरपालिका क्षेत्र से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

करीब 70 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित उप-जिला चिकित्सालय के निर्माण से आसपास के करीब 70 गांवों की आबादी, नमक उद्योग क्षेत्र में कार्यरत हजारों श्रमिकों, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की रिफाइनरियों, नमक उद्योगों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को भी चिकित्सा सुविधाएं सुलभ होंगी।
ग्रामीणों ने निर्णय का स्वागत करते हुए प्रशासन से निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की।
इस अवसर पर राजस्थान नमक उत्पादक संघ अध्यक्ष केसाराम लौरा, समाजसेवी रामेश्वर रनवा, पूर्व सरपंच श्यामलाल खेरवा, नगेंद्र चौधरी, भंवर खेरवा, पंचायत समिति सदस्य मोतीराम बाज्या सहित अनेक गणमान्य नागरिक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
नावां शहर में अवैध मुरड़ खनन पर बड़ी कार्रवाई, 300 एमटी स्टॉक के साथ खनन माफिया गिरफ्तार






