नावां में उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन के निर्माण को लेकर जनता का आक्रोश सामने आया है।


सकल दिगंबर जैन समाज नावां सिटी के नेतृत्व में आमजन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांग की है कि उप जिला चिकित्सालय का नया भवन शहर की सीमा के भीतर और आमजन की पहुँच योग्य भूमि पर ही बनाया जाए।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान अस्पताल भवन अत्यंत जर्जर, असुरक्षित एवं दयनीय स्थिति में है। बारिश के दौरान छतों से पानी टपकता है। दीवारों से प्लास्टर झड़ता है और किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। आपातकालीन सेवाएं प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। जिससे गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
जनता ने स्पष्ट किया है कि यदि अस्पताल का निर्माण शहर से दूर या आमजन की पहुँच से बाहर किया गया तो इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 1 जनवरी 2026 तक शहर के भीतर उपयुक्त भूमि आवंटन कर निर्माण कार्य शुरू करने का ठोस और सार्वजनिक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 जनवरी 2026 से नावां में शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक जन-आंदोलन शुरू किया जाएगा।

सकल दिगंबर जैन समाज ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरी नावां की जनता का होगा। जिसका उद्देश्य केवल बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकार प्राप्त करना है। समाज ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आमजन को राहत देने की मांग की है।
नावां: राजास में चिकित्सालय भूमि आवंटन के समर्थन में ग्रामीणों की रैली, शीघ्र निर्माण की मांग
नावां: चिकित्सालय के लिए राजास में भूमि आवंटन का मुस्लिम समाज ने किया विरोध, SDM के नाम सौंपा ज्ञापन






