कुचामन सिटी. ग्राम पंचायत हिराणी व खारिया के ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी (SDM) कुचामन को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय श्री गोपाल गौशाला में अनियमितताओं, अव्यवस्थाओं और संचालक पर दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।


ग्रामवासियों ने बताया कि गौशाला ग्राम की गोचर भूमि पर स्थित है। जिसका संचालन श्रवणराम पीपलोदा के हाथों में है। ग्रामीणों का आरोप है कि संचालक ने अपनी कार्यकारिणी में अपने रिश्तेदारों और परिचितों को ही शामिल कर रखा है, जिससे पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो गई है।

लावारिश व बीमार गायों को नहीं लिया जाता, उल्टा ग्रामीणों से दुर्व्यवहार
ग्रामीणों ने शिकायत में कहा कि हिराणी-खारिया क्षेत्र में कई लावारिश, बीमार व बेसहारा गायें घूम रही हैं। ग्रामीण जब उन्हें गौशाला में डालने की बात कहते हैं तो संचालक गालीगलौज व हाथापाई पर उतर आता है। बताया गया कि इससे पहले भी वह कई लोगों से झगड़ा और कोर्ट-कचहरी तक की नौबत ला चुका है।
अनुदान, चंदे और आय के दुरुपयोग के आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा मिलने वाले अनुदान के साथ-साथ ग्रामवासी, दानदाता और हर महीने अमावस्या-पूर्णिमा पर होने वाले चंदा संग्रह से गौशाला को अच्छी-खासी आय होती है।

इसके अलावा गौशाला की कुचामन सिटी में दो मिठाई की दुकानें भी चल रही हैं, जिससे और आय होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि संचालक इन सभी आय स्रोतों का दुरुपयोग कर रहा है।
शिकायत में यह भी बताया गया कि गौशाला द्वारा समय-समय पर चलाई जा रही इनामी कूपन योजनाओं से भी ग्रामीणों को भ्रमित करके धन एकत्र किया जा रहा है, जिसका हिसाब नहीं दिया जाता।
गोचर भूमि पर संचालक का कब्जा
ग्रामवासियों ने कहा कि गोचर भूमि का पहला अधिकार लावारिश व बेसहारा गौवंश का है, लेकिन संचालक ने पूरे क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। जिससे पशु खुले में भटकने को मजबूर हैं।
ग्रामवासियों ने SDM से मांग की है कि गौशाला संचालक को पाबंद किया जाए और लावारिश, बीमार व बेसहारा गायों को भी गौशाला में उचित जगह दिलवाई जाए ताकि गौवंश की सुरक्षा और देखरेख सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन सौंपते समय मौजूद ग्रामीण –
करण सिंह, रमेश कलकला, घीसू सिंह राजपुरोहित, सागर सिंह, मनीष प्रजापत, दशरथ सिंह, मुकेश वैष्णव, सोनू शर्मा, उगम सिंह राजपुरोहित, मनीष शर्मा, मिश्री शर्मा, अंकित शर्मा (कुकनवाली), सोहन गुर्जर, अशोक शर्मा, सुरजीत सिंह।
कुचामन सिटी: डॉ. जयप्रकाश ढाका बने राज्य स्तरीय आन्तरिक मूल्यांकनकर्ता






