कुचामन सिटी में 7 अक्टूबर 2025 को हुए व्यापारी की हत्या के गंभीर प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को पकड़कर कुचामन लाया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।


पुलिस ने बताया कि मुख्य चारों आरोपियों में गणपतलाल गुर्जर, महेश गुर्जर, धर्मेन्द्र गुर्जर (उर्फ देवा/देवराज) और जुबेर खान शामिल हैं।

तीन आरोपियों को कोलकाता से पकड़कर 17 अक्टूबर 2025 को कुचामन लाया गया, जबकि चौथे आरोपी जुबेर खान को इंदौर से गिरफ्तार कर कुचामन ट्रांजिट रिमाण्ड पर लाया गया। सभी मुख्य आरोपियों को 20 अक्टूबर 2025 को न्यायालय में पेश किया गया और 29 अक्टूबर तक पी.सी. रिमाण्ड प्राप्त हुआ। इन चारों आरोपियों की गिरफ्तारी पर प्रत्येक के लिए 1,00,000 रुपए का ईनाम घोषित किया गया था।

जितेन्द्र चारण पर ईनाम घोषित
जानकारी के अनुसार – इस मामले में गैंगस्टर जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू चारण की प्रमुख भूमिका सामने आई है। जीतू चारण जो अजमेर जिले के रूपनगढ़ थाना क्षेत्र के कडाला गांव का निवासी है, पहले आनंदपाल गैंग के लिए काम करता था। फिलहाल वह वीरेंद्र चारण के जरिए रोहित गोदारा गैंग का अहम सहयोगी बनकर काम कर रहा है।

जीतू चारण ने हत्याकांड के लिए शूटर तैयार किए और उन्हें हथियार मुहैया करवाए। उसने बोरावड़ में होटल चलाने वाले पवन चारण की मदद से शूटरों को प्रशिक्षित किया। इसके अलावा, फर्जी सिमकार्ड के जरिए अपने गैंग के सदस्यों तक संपर्क रखा और शूटरों को कहा कि काम पूरा होने पर वे रोहित गोदारा गैंग के खास सदस्य बन जाएंगे। उसने यह भी आश्वस्त किया कि काम खत्म होने के बाद सभी के घर मोटी रकम भेज दी जाएगी।
जीतू की गिरफ्तारी हेतु 25,000 रुपए का ईनाम घोषित किया गया है और पुलिस टीमें उसकी तलाश और अनुसंधान में लगी हुई हैं।
मुख्य चारों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क, हथियार और सहयोगियों से जुड़े सभी पहलुओं का अनुसंधान जारी है।
इस गिरफ्तारी में जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर की सक्रिय निगरानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचन्द खारिया (रा.पु.से.) का समन्वय और वृत्ताधिकारी अरविन्द बिश्नोई (रा.पु.से.) की क्षेत्रीय सुपरविजन अहम भूमिका रही। प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी थानाधिकारी सतपालसिंह पु.नि. के नेतृत्व में घटनास्थल निरीक्षण, टीम आधारित छापेमारी और संदिग्धों की पहचान की गई।
कुचामन सिटी: रमेश रूलानिया मर्डर केस में चौथा मुख्य आरोपी जुबेर अहमद इंदौर से गिरफ्तार
कुचामन सिटी: रमेश रूलानिया के हत्यारों ने तिरुपति में करवाया मुंडन, जानें पुलिस ने कैसे पकड़ा






