कुचामन सिटी. राजस्थान लोक सेवा आयोग की परीक्षा हमेशा कठिन और प्रतिष्ठित रही है। लेकिन मांगलोदी गांव की दो सगी बहनों ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार का सिर ऊंचा किया और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।
बुधवार को आरपीएससी द्वारा घोषित RAS 2023 की फाइनल मेरिट लिस्ट में कुचामन सिटी तहसील के मांगलोदी (तिकुटिया की ढाणी) निवासी तिलोक राम किल्डोलिया की बेटियां कविता चौधरी और पूजा चौधरी का एक साथ चयन हुआ। यह उपलब्धि बहनों की मेहनत और ग्रामीण राजस्थान की बेटियों की क्षमता को दिखाती है।

कविता चौधरी ने RAS परीक्षा में 350वीं रैंक हासिल की है और वर्तमान में शिक्षा विभाग में जूनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बहन पूजा चौधरी ने 477वीं रैंक प्राप्त की है और फिलहाल पंचायत समिति कुचामन सिटी में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
पिता तिलोक राम ने बताया कि बेटियों की सफलता से पूरा परिवार गदगद है और वे अब राज्य सेवा में योगदान देने को तैयार हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने बहनों की उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।







