कुचामन सिटी. जिला पुलिस डीडवाना-कुचामन द्वारा करबा कुचामन क्षेत्र में महिला सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कस्बे में महिला पुलिस कर्मियों की चार टीमों का गठन किया गया।


इन टीमों ने गुरुवार को कस्बे के विभिन्न प्रतिष्ठानों — होटल, कैफे, दुकानें, मॉल, पीजी आदि — का गहन निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान चलाया।


अभियान के दौरान कुल 141 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 12 होटल, 8 कैफे, 118 दुकानें और 3 मॉल शामिल थे। सत्यापन के दौरान मालिकों, कर्मचारियों, मजदूरों और नौकरों के पहचान पत्रों की जांच की गई तथा राजकॉप एप के फोटो मैच फीचर से संबंधित व्यक्तियों की पहचान का मिलान किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस ने काली फिल्म लगे शीशों से काली फिल्म हटवाई और कई स्थानों पर सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (भा.पु.से.) के प्रभावी निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचन्द खारिया (रा.पु.से.) और वृत्ताधिकारी अरविन्द बिश्नोई (रा.पु.से.) की निगरानी में संपन्न हुई।
पुलिस ने बताया कि महिला सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कुचामन जो एक शिक्षा नगरी है, वहां रोज़ हज़ारों विद्यार्थी आस-पास के गांवों और शहरों से पढ़ने के लिए आते हैं। उनकी सुरक्षा और विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का यह लगातार निगरानी बनाए रखना बेहद आवश्यक है।






