कुचामन सिटी. जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुचामन सिटी के इको क्लब ने प्रधानाचार्या मंजू चौधरी और इको क्लब प्रभारी डॉ. भंवरलाल गुगड़ के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाया।


क्लब के वॉलंटियर्स ने कुचामन वेली के पास प्रस्तावित मातृ एवं शिशु विंग, राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की।

अभियान के तहत आज करंज, कनेर, मलकम फाइक्स, मोगरा, रातरानी, डबल चांदनी, टीकोमा, सालकेरा सहित विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे लगाए गए। कुल 400 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इन पौधों की व्यवस्था एलएनटी कंपनी की ओर से की गई है।
इको क्लब के वॉलंटियर्स ने कुचामन वेली के पास मीठे पानी की कुचामन झील की ओर जाने वाली नहर में श्रमदान कर सफाई अभियान भी चलाया। इस दौरान नहर से कचरा और कीचड़ हटाया गया ताकि झील में स्वच्छ पानी की आवक सुनिश्चित हो सके। साथ ही झील के सौंदर्यीकरण के लिए किनारों पर छायादार वृक्षों की श्रृंखला लगाई गई।

डॉ. भंवरलाल गुगड़ ने बताया कि झील का सौंदर्यीकरण होने से प्रस्तावित अस्पताल परिसर हरा-भरा और स्वच्छ वातावरण वाला ग्रीन कैंपस बनेगा। उन्होंने कहा कि “मेरा कुचामन हरा-भरा” अभियान को आगे बढ़ाते हुए हमारा प्रयास रहेगा कि जन उपयोगी स्थलों पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाए जाएं।
प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने कहा कि अस्पताल जैसे स्थानों पर जहां ऑक्सीजन की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है, वहां वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। यह सौभाग्य की बात है कि मेरे स्कूल के स्टाफ और बच्चे इस पुनीत कार्य में भाग ले रहे हैं।
एलएनटी कंपनी के अधिकारी देवेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि इको क्लब पौधारोपण अभियान को लगातार जारी रखे, इसके लिए पौधों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर जवाहर स्कूल के कृषि व्याख्याता गोपाल गांधी, एलएनटी कंपनी के अधिकारी जितेंद्र कुमार, देवेंद्र सिंह, सैयद अंजुम और अजीत सिंह भी मौजूद रहे।






