कुचामन सिटी. क्षेत्र के गांवों में इन दिनों अगेती खरीफ की फसल की कटाई शुरू हो गई है। किसान वर्ग अब पूरी तरह से खेतों में व्यस्त हो गया है और मजदूर वर्ग भी फसल कटाई के कार्य में जुट गया है।


कुचामन सिटी उपखण्ड क्षेत्र में किसानों की अगेती बाजरे और मूंग की फसल पककर तैयार हो चुकी है। इसकी कटाई शुरू कर दी गई है, जबकि बाजरे की पछेती फसल को अभी पकने में समय लगेगा। अन्य फसलें भी एक-दो सप्ताह में पककर तैयार हो जाएंगी। इसी के साथ किसानों ने खलिहान भी तैयार करना शुरू कर दिया है ताकि कटाई के बाद फसल सीधे खलिहान में रखकर थ्रेसिंग की जा सके।

किसान बजरंग लाल, तिलोका राम, परसाराम बुगालिया आदि ने बताया कि किसान परिवार सुबह से शाम तक खेतों में रहकर अगेती फसलों की कटाई कर रहे हैं। श्रमिक कटाई की मजदूरी अधिक मांग रहे हैं, इसलिए अधिकांश किसान स्वयं ही खेतों में काम कर रहे हैं।
किसानों ने बताया कि इस बार उन्होंने लगभग 60 हजार रुपए क्विंटल भाव पर बाजरा बीज खरीदकर बुवाई की थी। खाद, बीज और सिंचाई पर भी काफी खर्च हुआ, लेकिन लगातार बारिश से फसलें खराब हो गईं। अब मंडी व व्यापारियों द्वारा फसल को कम दामों पर खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।

किसानों ने मुख्यमंत्री से खराबे का सर्वे करवाने, नुकसान का मुआवजा दिलाने और फसलों का समर्थन मूल्य घोषित करके तुलाई सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल सके।
परबतसर: किश्तें जमा नहीं कराने पर कुचामन निवासी राजू गिरफ्तार
बिजली चोरी से हुई छीजत में नागौर पहले और डीडवाना-कुचामन दूसरे नंबर पर






