डीडवाना कुचामन: नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने आज शनिवार कहा है कि संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में स्पष्ट निर्देश देने के बावजूद डीडवाना-कुचामन जिले में ग्रामीणों से अनुचित टोल वसूली हो रही है।


उन्होंने टोल छूट लागू नहीं होने पर नाराजगी जताई और जिला प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि
डीडवाना-कुचामन जिले एवं नागौर जिले की दिशा में मैंने संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए थे कि किसी भी टोल प्लाजा के 20 किमी दायरे में आने वाले ग्रामीणों के वाहनों से टोल नहीं लिया जाए। बावजूद इसके, डीडवाना-कुचामन जिले में मकराना–मंगलाना तथा किनसरिया–बिदियाद मार्ग पर प्रारंभ हुए टोल प्लाजा पर यह छूट लागू नहीं की जा रही है। इसको लेकर स्थानीय लोग तथा मकराना क्षेत्र के विधायक जाकिर हुसैन गैसावत आंदोलित हैं।
विशेष रूप से, किनसरिया–बिदियाद मार्ग पर सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, इसके बावजूद टोल वसूली शुरू कर दी गई है, जो किसी भी दृष्टिकोण से व्यवहारिक नहीं है। आज मैंने डीडवाना-कुचामन के जिला कलक्टर को दूरभाष पर पुनः निर्देशित किया है कि ग्रामीणों की इस मांग को तुरंत गंभीरता से लेते हुए टोल प्लाजा संचालकों को निर्देशित करें कि 20 किमी दायरे में आने वाले गांवों के निवासियों से टोल टैक्स नहीं लिया जाए।

मुझे प्राप्त जानकारी के अनुसार – यदि सोमवार तक सार्वजनिक निर्माण विभाग व जिला प्रशासन द्वारा इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो सोमवार दोपहर 12:05 बजे से मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ करेंगे। जनहित में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी इस धरने का समर्थन करती है।






