डीडवाना-कुचामन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं भारी वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की पहल पर जिले में ‘सेफ आई सेफ हाईवे’ अभियान की शुरुआत बुधवार को छापरी टोल प्लाजा से की गई।


इसका शुभारंभ राजस्व सैनिक कल्याण एवं उपनिवेशन राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत एवं पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले भारी वाहनों के चालकों (ड्राइवर) की आँखों, ब्लड प्रेशर एवं शुगर की नि:शुल्क जांच चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा की गई और उन्हें चश्मे वितरित किए गए। इस अवसर पर राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वास्थ्य जांच कराने वाले वाहन चालकों को सम्मानित किया और चश्मे प्रदान किए।
इस अवसर पर राज्य मंत्री चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सड़क हादसों में कमी लाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा परिवहन विभाग के सहयोग से चलाया गया ‘सेफ आई सेफ हाईवे’ अभियान एक महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय कार्य है, जिससे निश्चित तौर पर जिले में सड़क हादसों की संख्या में कमी आएगी।

साथ ही उन्होंने कहा कि इस अभियान को राज्यव्यापी बनाने के लिए राज्य सरकार को जिले से प्रस्ताव भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने बताया कि कार्य के दबाव व नींद की कमी के कारण भारी वाहनों के चालकों को ब्लड प्रेशर एवं आँखों की क्षमता में कमी जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिससे वे कई बार सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि ‘सेफ आई सेफ हाईवे’ अभियान के अंतर्गत जिले के टोल प्लाजा पर शिविर लगाकर वाहन चालकों की आँखों व अन्य स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क की जाएगी, जिससे सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
इस अवसर पर जितेंद्र सिंह जोधा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी, परिवहन अधिकारी सुप्रिया विश्नोई, रिडकोर के प्रभारी जितेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित कार्मिक व वाहन चालक उपस्थित रहे।
सीसीटीवी में कैद हुई महिला चोर, कुचामन सिटी में ज्वेलरी की दुकान को बनाया निशाना
वीआईपी ट्रेड घोटाले का मास्टरमाइंड निकला कुचामन निवासी धीरज गट्टाणी
कुचामन सिटी: बी आर खोखर स्कूल परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण






