डीडवाना-कुचामन. सहकार भारती बुनकर प्रकोष्ठ का प्रथम राष्ट्रीय अधिवेशन 23 और 24 अगस्त को रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित हुआ। जिसमें देशभर से करीब 650 प्रतिनिधि शामिल हुए।


राजस्थान से कुल पाँच प्रतिनिधियों ने भागीदारी की जिनमें डीडवाना-कुचामन से सहकार भारती जिला महामंत्री अखिलेश चन्द्र राय एवं जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने सक्रिय भूमिका निभाई।

अधिवेशन में बुनकरों की समस्याओं एवं उनके उत्थान को लेकर गहन चर्चा हुई। विचार-विमर्श के बाद कई प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें बुनकर परिवारों को बीमा व स्वास्थ्य बीमा सुविधा, पेंशन, सहज ऋण, सब्सिडी, सस्ती दर पर बिजली आपूर्ति, तैयार माल की मार्केटिंग और देश-विदेश की प्रमुख राजधानियों व शहरों में प्रदर्शनी एवं बिक्री केंद्र स्थापित करने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
डीडवाना-कुचामन के प्रतिनिधियों ने भी बुनकरों की समस्याओं और उनके समाधान पर अपने विचार रखे तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं से राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों को अवगत कराया।

अधिवेशन का समापन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमण डेका की उपस्थिति में हुआ। उन्होंने बुनकरों के उत्थान के लिए उत्पादन, प्रोत्साहन और बिक्री तीनों स्तरों पर ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू करने पर जोर दिया।
अधिवेशन स्थल पर लगे प्रदर्शनी स्टॉल में विभिन्न प्रदेशों से आए बुनकरों व हस्तशिल्पियों की बनी सामग्री चादर, शाल, जैकेट, मफलर, आयुर्वेदिक उत्पाद, हस्तकरघा से बनी साड़ियां व अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कुचामन सिटी में सियासी तख्तापलट के बाद कांग्रेस का विरोध सोशल मीडिया तक सिमटा
डीडवाना में बारिश के कारण मकान की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत






