डीडवाना-कुचामन: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने और आसूचना तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) द्वारा गुरुवार को एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।


बैठक में इंटेलिजेंस विभाग के अधिकारी, CID (IB) के प्रतिनिधि एवं समस्त थानों में पदस्थापित आसूचना अधिकारी शामिल हुए।

एसपी ऋचा तोमर ने जिले में संचालित अवैध गतिविधियों, कानून व्यवस्था संबंधी चुनौतियों, एवं स्थायी-अस्थायी विवादों की गहन समीक्षा की और आसूचना अधिकारियों से जमीनी स्तर की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने जिले की आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए महत्त्वपूर्ण निर्देश जारी किए:-

स्वतंत्रता दिवस पूर्व विशेष सतर्कता
एसपी ने निर्देश दिए कि 15 अगस्त को ध्यान में रखते हुए सभी होटल, धर्मशालाओं, ढाबों और सरायों की गहन चेकिंग की जाए। उनके रजिस्टर, CCTV फुटेज और वहां ठहरने वाले व्यक्तियों की जानकारी का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। सार्वजनिक स्थलों को अपराध मुक्त बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
अवैध गतिविधियों पर जीरो टोलरेंस नीति
ऋचा तोमर ने कहा कि जिले में अवैध बजरी खनन, भू-माफिया, मादक पदार्थों व शराब की तस्करी, हथियारों की तस्करी, साइबर अपराध और संगठित अपराधों में लिप्त व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर निगरानी – उन्होंने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, स्टंट या सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट पर सख्त निगरानी रखने और दोषियों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
त्योहारों व मेलों को लेकर सुरक्षा योजना
आगामी त्योहारों और मेलों को लेकर आयोजकों से समन्वय करते हुए बड़े आयोजनों की सुरक्षा योजना समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि क्षेत्र में घटित प्रत्येक छोटी-बड़ी घटना की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अपराधियों पर विशेष नजर – जिले के आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय आपराधिक गैंग्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
सांप्रदायिक मामलों में संवेदनशीलता
किसी भी सांप्रदायिक घटना या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधि की सूचना तत्काल उपलब्ध करवाई जाए तथा उस पर सतर्कता के साथ कार्रवाई की जाए।
ऋचा तोमर ने कहा कि छोटे विवाद भी कानून व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं, अतः उनका समय रहते आंकलन कर अधिकारियों को सूचित करें।
अंत में एसपी ने आसूचना अधिकारियों से संवाद और आपसी समन्वय बढ़ाने की बात कही ताकि जिले में कानून व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे और स्वतंत्रता दिवस पर कोई भी अवांछनीय गतिविधि न होने पाए।
डीडवाना-कुचामन में भारी बारिश की चेतावनी पर 3 दिन का अवकाश घोषित, स्टाफ रहेगा उपस्थित






