कुचामन सिटी. शहर के पलटन गेट के पास गुरुवार दोपहर एक गद्दे की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार करीब 4 बजे पलटन गेट के पास सदर बाजार स्थित गद्दे की दुकान में आग लग गई। बताया जा रहा है कि खंभे पर लगे बिजली के तारों से शॉर्ट सर्किट होने के कारण दुकान में आग लगी। इसके बाद आग ने तेजी से दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

दुकान के ऊपर रहते हैं लोग
दुकान के ऊपर लोग रहते थे। आग लगने की घटना के बाद सभी लोग सुरक्षित नीचे आ गए। गनीमत रही कि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।


फायर ब्रिगेड को दी सूचना
आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दे दी गई है। फिलहाल दमकल की टीम के पहुंचने का इंतजार है।
दुकानों में फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं
दीपावली के त्योहार का सीजन चल रहा है और बाजारों में लोगों की आवाजाही भी बनी रहती है। ऐसे में दुकानों में आग लगने जैसी घटनाएं गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। शहर में कई ऐसी दुकानें हैं, जहां फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं हैं।
दुकानदारों को फायर सेफ्टी के इंतजामों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। फायर एक्सटिंग्विशर सहित आग बुझाने के जरूरी उपकरण उपलब्ध होने से शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने में मदद मिल सकती है और बड़े हादसे तथा नुकसान की आशंका को कम किया जा सकता है।






