कुचामन सिटी. पंचायत राज चुनावों के मद्देनजर डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 55 कार्टून (2640 पव्वे) अवैध देशी शराब जब्त की है।

पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की इनोवा कार को भी जब्त कर आरोपी बसंत जांगीड़ को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस थाना कुचामन सिटी और जिला स्पेशल टीम (DST) की ओर से की गई।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन शहर विमल सिंह नेहरा और उप पुलिस अधीक्षक साइबर थाना डीडवाना भानू प्रताप सिंह राठौड़ के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना कुचामन सिटी के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र खदाव के नेतृत्व में पुलिस थाना कुचामन सिटी और डीएसटी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस को देखकर कच्चे रास्तों से भागने लगा चालक
दरअसल, 21 अक्टूबर 2026 को सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जगदीश प्रसाद पुलिस जाप्ते और डीएसटी टीम के साथ पंचायत राज चुनावों के मद्देनजर कुचामन कस्बे, ग्राम भांवता, केरपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम ने एक बिना नंबर की इनोवा कार को रुकवाने का प्रयास किया। पुलिस की गाड़ी देखकर चालक कार को कच्चे रास्तों से भगाने लगा।
रास्ता बंद हो जाने पर चालक इनोवा कार को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। वहीं, कार की खलाशी सीट पर बैठे व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बसंत जांगीड़ (37) पुत्र रामेश्वर लाल निवासी पांचोता, थाना नांवा बताया।
कार में मिले 55 कार्टून देशी शराब
पुलिस ने इनोवा कार की तलाशी ली तो उसमें 55 कार्टून अवैध देशी शराब भरी हुई मिली। इनमें कुल 2640 पव्वे देशी शराब (RSGSM) बरामद हुए। पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की इनोवा कार को जब्त कर लिया तथा आरोपी बसंत जांगीड़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी से गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है। वहीं, मौके से फरार हुए कार चालक की तलाश जारी है।






