कुचामन सिटी. हिन्दी भाषा के गौरव, साहित्य के प्रति अनुराग और नई पीढ़ी में हिन्दी के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कुचामन पुस्तकालय के तत्वावधान में 8 से 14 सितम्बर तक ‘राष्ट्रभाषा हिन्दी सम्मान सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा।
सप्ताहभर पुस्तकालय परिसर में हिन्दी साहित्य, पठन-पाठन, लेखन, वाचन, काव्य एवं अभिव्यक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

पुस्तकालय अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल एवं मंत्री रामनिवास कुमावत ने बताया कि विद्यार्थियों को हिन्दी साहित्य की समृद्ध परंपरा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कुचामन में भाजपा ने जीत के समीकरण साधने शुरू किए, कुमावत समाज के 12 नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी

8 सितम्बर को समारोह का शुभारम्भ विश्व साक्षरता दिवस कार्यक्रम के साथ होगा। 9 सितम्बर को हिन्दी साहित्य पुस्तक प्रदर्शनी एवं पठन कार्यक्रम, जबकि 10 सितम्बर को हिन्दी ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। 11 सितम्बर को सुलेख एवं श्रुतलेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
12 सितम्बर को लघु कहानी कथन एवं वक्तृत्व कला से जुड़ी प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें आशु भाषण प्रतियोगिता केवल वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए होगी। 13 सितम्बर को सृजन सरिता काव्य मंच के सहयोग से हिन्दी काव्य गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें नगर के कवि एवं साहित्यकार अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के अवसर पर सप्ताह का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण होगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
दो वर्गों में होंगी प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिताओं में कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 6 से 10) और वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 11 से ऊपर) के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। आशु भाषण प्रतियोगिता केवल वरिष्ठ वर्ग के लिए होगी। प्रत्येक विद्यालय से प्रत्येक वर्ग में अधिकतम चार-चार प्रतियोगी भाग ले सकेंगे।
पुस्तकालय पदाधिकारियों ने नगर के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, साहित्यकारों, कवियों, अभिभावकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से हिन्दी सम्मान सप्ताह के कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने का आह्वान किया है।
कुचामन नगर परिषद चुनाव: अब बागियों को बैठाने के हथकंडे अपना रही हैं पार्टियां







