कुचामन सिटी. महावीर इंटरनेशनल वीरा सन्मति, कुकनवाली द्वारा “सबकी सेवा, सबको प्यार – जीवो और जीने दो” तथा “दोस्ती से सेवा” के उद्देश्य को साकार करते हुए बुधवार को राजकीय चिकित्सालय एवं महात्मा गांधी राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुकनवाली में जनकल्याणकारी सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

संस्था के वात्सल्य प्रोजेक्ट के तहत राजकीय चिकित्सालय में नवजात शिशुओं की माताओं को शिशु की उचित देखभाल, स्तनपान के महत्व, स्वच्छता तथा संक्रमण से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षित एवं स्वच्छ मातृत्व के प्रति जागरूक करते हुए नवजात शिशुओं के लिए हाइजीनिक बेबी किट वितरित किए गए।

इसके बाद गरिमा प्रोजेक्ट के अंतर्गत महात्मा गांधी राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, संक्रमण से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर छात्राओं को “झिझक छोड़ो, चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो” का संदेश देते हुए सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्षा उर्मिला सेठी के नेतृत्व में संतोष, प्रेम, बबीता, मधु, सोनू सेठी, शकुंतला, मीना काला, मीनू पाटनी एवं संतोष वैद ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सेवा कार्यों को सफल बनाया।






