कुचामन सिटी. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपखण्ड स्तरीय समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कुचामन एसडीएम सुरेंद्र चौधरी रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वन्देमातरम् से हुई। मुख्य अतिथि एसडीएम सुरेंद्र चौधरी ने ध्वजारोहण किया जिसके बाद पुलिस गार्ड द्वारा जनरल सलामी दी गई।

राजकीय सूरजी देवी कन्या बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, समारोह अध्यक्ष एवं संयोजक ने परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
समारोह में नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया एवं समारोह संयोजक भंवरलाल चौधरी द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं माल्यार्पण किया गया। इसके बाद व्यायाम प्रदर्शन, स्वागत भाषण तथा मुख्य अतिथि का उद्बोधन हुआ। उपखण्ड क्षेत्र की वीरांगनाओं का सम्मान भी किया गया।

समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं।
आदर्श बाल मंदिर द्वारा ‘कंधों से मिलते हैं कंधे’, राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘तेरा हिमालय आकाश छू ले’, राजकीय सोनी देवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘हम भारत के हैं’, नोबल उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘वन्देमातरम्’, राजकीय सूरजी देवी कन्या बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘देश मेरा’, गीतांजली पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘भारत देश की बात है’, लाल बहादुर शास्त्री उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘धोरां वालो देश’, राजकीय सूरजमल भोमिया विद्यालय द्वारा ‘मिट्टी के बेटे’, सेन्ट पॉल उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘वेलकम टू राजस्थान’ तथा श्री जिनेश्वरदास दिगम्बर जैन विद्यालय, पलटन गेट द्वारा ‘संदेशे आते हैं’ पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए गए।
मूक-बधिर (सम्पर्क संस्थान) आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं मतदाता जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य प्रस्तुत कर मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। प्रजापति ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से नशा मुक्ति शपथ भी दिलाई गई।

इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

कार्यक्रम में एडिशनल एसपी विमल नेहरा, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया, कुचामन तहसीलदार रामेश्वर लाल, कुचामन विकास समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, शिक्षा अधिकारी एवं समारोह संयोजक भंवरलाल चौधरी, कुचामन थाना अधिकारी राजेंद्र खदाव, एसीबीओ दिनेश चौधरी, बाबूलाल कुमावत, सुरेश सिखवाल, मोहनलाल सोनी सहित शिक्षा विभाग एवं प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी तथा विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थी मौजूद रहे।
कुचामन सिटी: बुड़सू रोड पर हाई वोल्टेज से घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जले






