कुचामन सिटी. नगर परिषद कार्यालय के पास बस स्टैंड की ओर आने-जाने वाली सड़क पर एक व्यक्ति सुबह से शराब के नशे में सड़क किनारे पड़ा हुआ है।

यह मार्ग शहर के प्रमुख रास्तों में शामिल है, जहां से दिनभर बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। आसपास के गांवों से आने वाले ग्रामीणों के साथ-साथ कई स्कूलों के विद्यार्थी भी इस मार्ग से होकर गुजरते हैं।

ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर दिनभर शराब के नशे में व्यक्ति के पड़े रहने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह की स्थिति से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों और महिलाओं सहित आम लोगों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
गौरतलब है कि नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नगरीय क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू की गई है। आदेश के तहत सार्वजनिक स्थानों पर मदिरा का सेवन करने, कराने अथवा इसके लिए दुष्प्रेरित करने पर रोक लगाई गई है।

इसके बावजूद नगर परिषद के पास और बस स्टैंड की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर सुबह से शराब के नशे में व्यक्ति के पड़े रहने से निषेधाज्ञा की पालना को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जब प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर प्रतिबंध लगाया गया है, तो ऐसे मामलों में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई कहां है?






