कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में 1 किलो 30 ग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान गांजे के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा तथा वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में थाना प्रभारी राजेन्द्र खदाव के नेतृत्व में पुलिस थाना कुचामन सिटी एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त को जूसरी रोड पर नाकाबंदी के दौरान आरजे-37 डीएस-4077 नंबर की मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। बाइक पर सवार अकील पुत्र फकीर मोहम्मद (40) निवासी व्यापारी मोहल्ला कुचामन तथा राकेश पुत्र विजय कुमार (24) निवासी बुनकर बस्ती भांवता रोड, कुचामन के बीच रखी प्लास्टिक की थैली की तलाशी लेने पर उसमें 1 किलो 30 ग्राम गांजा मिला।

आरोपियों के पास गांजा रखने एवं परिवहन करने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इस पर पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना कुचामन सिटी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच थाना नावा शहर के थानाधिकारी सुरेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।






