कुचामन सिटी. भारत विकास परिषद् द्वारा परिषद् की संस्कार गतिविधि के स्थायी प्रकल्प ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ के अंतर्गत शहर स्थित एकलव्य सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।


परिषद् के कोषाध्यक्ष अंकुर जैन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद् के संरक्षक डॉ. गोविंदराम चौधरी, विद्यालय के निदेशक अमन जोशी एवं प्रदीप जोशी, प्रधानाध्यापक मूलचंद शास्त्री तथा परिषद् पदाधिकारियों द्वारा मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद् के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र वर्मा ने भारत विकास परिषद् की “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए परिषद् की कार्यप्रणाली, सेवा एवं संस्कार आधारित विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात परिषद् के संस्कार गतिविधि संयोजक जयप्रकाश शर्मा ने गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम के उद्देश्य, भारत की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में गुरु के अमूल्य योगदान पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।

इस अवसर पर गत शैक्षणिक वर्ष में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले कल्पना कुमावत, अविका जैन, आरव पारीक, दिया धाकड़ एवं मिनल सोनी को दुपट्टा, स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए मीनू मिश्रा, शशि सिंह, जमील अहमद, ऋतिक जैन एवं सुनील आचार्य का भी दुपट्टा, स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
विद्यालय के निदेशक प्रदीप जोशी एवं प्रधानाध्यापक मूलचंद शास्त्री ने परिषद् द्वारा विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के विकास के लिए संचालित इस प्रकल्प की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन का आग्रह किया तथा हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया।
अंत में परिषद् के संरक्षक डॉ. गोविंदराम चौधरी ने विद्यालय प्रशासन एवं समस्त स्टाफ का सफल आयोजन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में परिषद् के सेवा गतिविधि संयोजक सुशील काबरा, संपर्क संयोजक शरद सोमानी, वरिष्ठ सदस्य रामूराम महला सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, स्टाफ सदस्य एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राजस्थान कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ में कुचामन के तीन नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी






