कुचामन सिटी. देवनारायण विकास समिति की ओर से देवनारायण भगवान मंदिर परिसर में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेश पायलट की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई।


इस अवसर पर समाज बंधुओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

देवनारायण विकास समिति अध्यक्ष बजरंगलाल गुर्जर ने कहा कि राजेश पायलट दूरदर्शी एवं जनप्रिय नेता थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसान, मजदूर, गरीब एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक समरसता, शिक्षा और युवाओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
व्यक्तित्व एवं कृतित्व को किया याद
हनुमान प्रसाद गुर्जर जिलिया ने कहा कि राजेश पायलट सरल, संघर्षशील और जमीन से जुड़े हुए नेता थे। उन्होंने समाज के हर वर्ग की आवाज को बुलंद किया तथा आमजन के अधिकारों के लिए सदैव संघर्षरत रहे। उनके जीवन से सेवा, संघर्ष और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

चेतन गुर्जर ने उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि समाज को उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए।
दातारसिंह गोगोर ने समाज जागृति एवं शिक्षा को बढ़ावा देने पर बल देते हुए स्व. राजेश पायलट के उस संदेश को दोहराया कि जब तक किसान और मजदूर का बेटा उन स्थानों तक नहीं पहुंचेगा जहां कानून की किताबें लिखी जाती हैं, तब तक गांव-ढाणी के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुंच पाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने स्व. राजेश पायलट के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बजरंगलाल गुर्जर, हनुमान प्रसाद गुर्जर जिलिया, चेतन गुर्जर, दातारसिंह गोगोर, रामनारायण गुर्जर, हीराराम गुर्जर एडवोकेट, धनराज झिंझड़, हीराराम मांसी, गोपाल गुर्जर टोरडा, कोऑपरेटिव सहकारी समिति चेयरमैन चेनाराम गुर्जर दीपपुरा, मोतीराम, चेनाराम, तूलछीराम, अनील गुर्जर, सुरेश गुर्जर एवं रणवीर सहित अनेक समाज बंधु उपस्थित रहे।






