कुचामन सिटी. नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे जनगणना-2027 कार्य का बुधवार को अधिकारियों द्वारा भौतिक निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय, जयपुर से आए जिला समन्वयक कमलेश शर्मा के साथ नगर जनगणना अधिकारी (आयुक्त) शिकेश कांकरिया, राजस्व अधिकारी प्रवीण जनागल एवं कृष्ण कुमार मौजूद रहे।

अधिकारियों की इस टीम ने क्षेत्र में कार्य कर रहे पर्यवेक्षकों और प्रगणकों से मुलाकात कर अब तक हुए कार्य की प्रगति रिपोर्ट ली।
विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जांची जमीनी हकीकत
निरीक्षण टीम ने शहर के भाटों का बास, शिव मंदिर खारिया रोड, पुरानी धान मंडी, खान मोहल्ला, मिर्धा नगर एवं डीडवाना रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। वहां चल रहे जनगणना कार्य की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान जिला समन्वयक कमलेश शर्मा ने फील्ड में मिल रही कमियों को रेखांकित किया और उन्हें तुरंत दूर करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश और व्यावहारिक जानकारियां प्रदान कीं। अधिकारियों ने मौके पर ही प्रगणकों की समस्याओं का समाधान भी किया।

नगर परिषद कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक
फील्ड निरीक्षण के बाद नगर परिषद कार्यालय में समस्त पर्यवेक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्य के दौरान आ रही तकनीकी व व्यावहारिक समस्याओं के निराकरण हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
साथ ही प्रगणकों के साथ मिलकर पूरी शुद्धता और गुणवत्ता के साथ इस कार्य को समय पर संपादित करने के लिए सभी संबंधितों को पाबंद भी किया गया।






